इटावा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित सैफई फूड प्लाजा की पार्किंग में कार का शीशा तोड़कर पर्स से जेवर और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस के अलावा करीब 13 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और 97,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
फरीदाबाद के सेक्टर 48 निवासी सारिका सिंह पत्नी स्व. अजय कुमार सिंह 10 जून को अपने मायके बलिया से भाई के साथ कार से फरीदाबाद जा रही थीं। उनके पति श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में लेबर असिस्टेंट डायरेक्टर थे। करीब चार वर्ष पहले ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। यात्रा के दौरान सारिका ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे स्थित फूड प्लाजा पर नाश्ता करने के लिए कार खड़ी की थी। परिवार के साथ नाश्ता करने के बाद जब वह वापस कार के पास पहुंचीं तो पिछला शीशा टूटा था और कार में रखे दो लेडीज पर्स गायब थे। पर्स में नकदी, सोने-चांदी के जेवर, दो मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे।
मामले में सैफई थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल एक आरोपी अवैध असलहे के साथ उसरई पुलिया के पास खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर हैवरा निवासी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर चोरी के जेवर और नकदी बरामद कर ली गई। मनोज ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी अमरसीपुर निवासी अरविंद दुबे उर्फ मोनू के साथ मिलकर चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से पर्स में रखे दोनों मोबाइल नदी में फेंक दिए थे। एसपी ग्रामीण श्रीश चंद ने बताया कि बरामद जेवरों में सोने की कंठी, लाॅकेट, कंगन, कान के टॉप्स और चांदी की पायल शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये है। 97,500 रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ा दी हैं।
आरोपी पर हत्या के प्रयास सहित 16 मामले दर्ज
गिरफ्तार मनोज कुमार के खिलाफ विभिन्न थानों में अपहरण, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, पॉक्सो और आर्म्स एक्ट समेत 16 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी इस तरह की घटनाओं को पहले भी अंजाम दे चुका है। फरार आरोपी अरविंद दुबे उर्फ मोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
