जसवंतनगर। ग्राम पंचायत जगसौरा के मजरा नगला घनु में सार्वजनिक खेल मैदान की भूमि पर कब्जे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने खेल मैदान की भूमि पर ट्रैक्टर, हल, थ्रेसर,धान का पुआल, बाजरा की करब की गठरी और अन्य सामान रखकर कब्जा कर लिया है।
इससे बच्चों को खेलने-कूदने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। आरोप है कि बच्चे जब मैदान में खेलने जाते हैं तो कब्जाधारी उन्हें रोकते हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट भी की जाती है। इससे नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया।
एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को नोटिस जारी किया गया है। जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)