इटावा। महात्मा ज्योतिबा फुले स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही सीबीएसई ईस्ट जोन क्लस्टर-4 खो-खो चैंपियनशिप 2026 का गुरुवार को समापन हो गया। चार दिन तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम, अनुशासन और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सीबीएसई लखनऊ रीजन के 31 जिलों से 100 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में यश विद्या मंदिर अयोध्या, पंडित बाबूराम पांडेय एकेडमी दिबियापुर, पैराडाइज पब्लिक स्कूल मैनपुरी और एलपीएस लखनऊ की टीमों ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में यश विद्या मंदिर, अयोध्या की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग में पंडित बाबूराम पांडेय एकेडमी, दिबियापुर विजेता रही। इस वर्ग में मेजबान पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल, इटावा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 बालिका वर्ग में पंडित बाबूराम पांडेय एकेडमी ने खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में यश विद्या मंदिर, अयोध्या की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी तरह अंडर-19 बालिका वर्ग में पैराडाइज पब्लिक स्कूल, मैनपुरी विजेता बना, जबकि अंडर-19 बालक वर्ग में एलपीएस, लखनऊ की टीम ने चैंपियनशिप पर कब्जा किया। लगातार दूसरी बार पान कुंवर इंटरनेशनल स्कूल को प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला।
समापन समारोह में विद्यालय के चेयरमैन डॉ. कैलाश चंद्र यादव ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों, सीबीएसई अधिकारियों और आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जिले को खेल प्रतिभाओं के महत्वपूर्ण मंच के रूप में पहचान मिली है। सीओ चकरनगर अभय नारायण राय, सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह, एसडीओ वन विभाग अंशुमन मित्तल, एसडीओ वन विभाग शिकोहाबाद रविंद्र सिंह भदौरिया, केकेडीसी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह, पंचायत राज महाविद्यालय के प्राचार्य श्यामपाल, बकेवर कॉलेज के पूर्व प्राचार्य आरके त्रिपाठी, संत केवलानंद इंटर कॉलेज के चेयरमैन रोहन सिंह, यश इंटरनेशनल की प्रधानाचार्य श्रद्धा दुबे, डॉ. मुकेश यादव, सीबीएसई ऑब्जर्वर अंकुर मलिक रहे।
