इटावा। दादी और सौतेले चाचा की हत्या करने वाले दो मुख्य आरोपी भाइयों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपियों को शरण देने वाले एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से दो तमंचे व पांच कारतूस बरामद हुए।

एसएसपी संंजय कुमार वर्मा ने बताया कि 21 अक्तूबर को भरथना के ढुलबजा गांव में जमीन के विवाद को लेकर दादी रामपूती और चाचा अमित कुमार की हत्या उनके सौतेले भतीजों सत्यवीर सिंह, आशू, प्रांशू व सीमा निवासी उदयपुरा ने कर दी थी। बुधवार सुबह 11 बजे पुलिस ने सीमा को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार रात करीब 10 बजे भरथना थाना क्षेत्र के ऊमरसेंडा नहर पुल पर दादी-चाचा के हत्यारोपी सत्यवीर और आशू निवासी ढुलबजा को पुलिस ने घेर लिया।

पुलिस की घेराबंदी देखकर दोनों ने फायरिंग करनी शुरू कर दी। बदमाशों की तरफ से चली गोली इंस्पेक्टर भूपेंद्र राठी के जा लगी। लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहनने की वजह से बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चली गोली सत्यवीर के पैर में लगी। जिससे बाइक समेत सत्यवीर और आशू गिर पड़े। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। घायल सत्यवीर को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह दादी और चाचा की हत्या करने के बाद संजीव उर्फ संजू निवासी उदयुपरा के घर में रह रहे थे। जिस असलहा से हत्या की थी वह भी उसी के घर में रखे थे। पुलिस ने हत्यारोपियों को शरण देने वाले संजीव को भोली चौराहा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार हत्यारोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया। एसएसपी ने पुलिस टीम को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें