इटावा। रोजाना चेकिंग अभियान चलने के बाद भी बिजली विभाग के हाथ बकायेदारों तक नहीं पहुंच रहे हैं। यही वजह है कि आठ हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर विभाग का तकरीबन 38 करोड़ रुपया बकाया है। विभाग को माह के शेष 20 दिनों में 12 करोड़ की वसूली करनी है।
शहर में 62 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें 8205 घरेलू व कामर्शियल बिजली उपभोक्ताओं पर 38 करोड़ 08 लाख रुपये बकाया है। शासन ने अक्तूबर में बिजली विभाग को इनमें से 15 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य दिया है। अब तक सिर्फ तीन करोड़ की ही वसूली हुई है।
अधिशाषी अभियंता शहरी श्री प्रकाश ने बताया कि शहर में 10 हजार रुपये से ऊपर के घरेलू बकायेदार उपभोक्ताओं की संख्या 6,708 है। इन पर कुल मिलाकर 32 करोड़ 75 लाख रुपये बकाया है जबकि पांच हजार रुपये से ऊपर के कामर्शियल उपभोक्ताओं की संख्या 1497 है। इन पर 5.33 करोड़ का बकाया है। बताया कि शासन ने अक्तूबर महीने में उन्हें 15 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य दिया है।
बताया कि शहर में 10 बिजलीघर हैं। तीन उपखंड अधिकारी व छह अवर अभियंता हैं। वसूली करने के लिए सभी अवर अभियंताओं को समय सीमा के अंदर वसूली करने का लक्ष्य दिया गया है। कहा कि वसूली अभियान को और तेज किया जाएगा। इन दिनों पांच हाई लाइन लॉस फीडरों को लेकर शहर में कनेक्शनों को चेक किया जा रहा है।
इनमें तीन चेक हो चुके हैं, दो फीडरों को चेक करने का कार्य शुरू करने वाले हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से अपने बिल जमा करने की अपील की है।
