चकरनगर। कस्बे के एक इंटर कॉलेज की एक छात्रा को शनिवार दोपहर बाइक से ले जा रहे युवक को परिजन और ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवक को पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में छात्रा के परिजन समझौता करके बिना पुलिस कार्रवाई के चले गए।
इसी दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को छात्रा को बाइक पर बैठाकर ले जाते देखा। ग्रामीणों ने उसका पीछा किया। युवक ने गांव के बाहर सड़क पर छात्रा को उतार दिया और वहां से भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर कस्बे से पहले राजपुर रोड पर युवक को पकड़ लिया। युवक के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही मौके पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ देर बाद छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक और परिजनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडिओ की पुष्टि नहीं करती है। सूचना पर पहुंची पुलिस युवक और छात्रा को अपने साथ थाने ले गई। करीब एक माह पूर्व कस्बे से दिनदहाड़े एक छात्रा के अपहरण की घटना सामने आई थी। काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने युवक सहित छात्रा को बरामद किया था। युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेजा गया था। स्कूल और कोचिंग से छात्राओं के लापता होने की घटनाओं से क्षेत्र में अभिभावकों के बीच चिंता और डर का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। छात्रा के परिजन बिना कार्रवाई के उसे अपने साथ लेकर चले गए।
