बकेबर/निवाड़ीकला। बकेवर थानाक्षेत्र में किशोरी के साथ छेड़खानी, जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चार सितंबर को बकेवर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी। बताया था कि उसकी बहन (16) के साथ उरैंग निवासी नईम अली ने छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ जातिसूचक गाली-गलौज और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। घटना से क्षुब्ध किशोरी ने टायलेट क्लीनर पी लिया था। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि नईम अली ग्राम व्यासपुर शाला के पास कहीं जाने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में आरोपी नईम अली के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद हुए। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
