सैफई। आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर के पास अमरसीपुर बंबा किनारे सोमवार सुबह पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका वृद्ध का शव मिला। वह दीपावली के दिन घर से निकले थे और रविवार रात से लापता थे। सुबह करीब छह बजे राहगीरों ने शव देखा तो मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस ने फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच कराई और शव को नीचे उतरवाया।
मृतक की पहचान शहर के कटरा शमशेर खां निवासी श्रीकृष्ण उर्फ कल्लू कठेरिया (60) के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर उनका बेटा आकाश अन्य परिजन के साथ मौके पर पहुंचा। आकाश ने बताया कि पिता दीपावली के दिन घर से निकले थे। रविवार रात से उनका कोई पता नहीं चल रहा था।
वह अक्सर सैफई आते-जाते रहते थे और कभी-कभी यहां एक निजी मेस में काम भी करते थे। घर में ऐसी कोई बात नहीं हुई थी, जिससे उनके इस कदम की वजह स्पष्ट हो सके। प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र राठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।(संवाद)

