लवेदी। ग्राम धोरखा में एक माह में दो लोगों की मौत व वायरल बुखार फैलने की खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। सोमवार को जिला स्वास्थ्य विभाग व महेवा सीएचसी की संयुक्त टीमें गांव पहुंची। ग्राम पंचायत भवन में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 71 मरीजों की डेंगू-मलेरिया की जांच की गई। जांच में कोई मरीज पॉजिटिव नहीं मिला।

सभी मरीजों में वायरल बुखार और ठंड लगने जैसी शिकायतें मिलीं। स्वास्थ्य टीम ने मरीजों को दवा का वितरण किया। साथ ही गांव में सफाई करवाकर एंटी लार्वा दवा का छिड़काव किया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

सोमवार को महेवा सीएचसी से पहुंचे चिकित्सक डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 71 मरीजों की जांच की गई। इनमें 31 महिलाएं और 40 पुरुष शामिल थे। जांच में किसी भी मरीज में डेंगू या मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। मरीजों में वायरल फीवर, बुखार और ठंड लगने जैसी सामान्य शिकायतें मिलीं। सभी को आवश्यक दवाइयां देकर नियमित रूप से दवा लेने, साफ-सफाई रखने और लक्षण बढ़ने पर दोबारा चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई।

वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन सिंह ने गांव पहुंचकर बीमारी फैलने के संभावित कारणों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से घर-घर जाकर आसपास जमा पानी, गंदगी और रुकी हुई नालियों को साफ रखने की अपील की, ताकि मच्छरों का प्रजनन न हो सके। उन्होंने बताया कि बीमारी के संभावित स्रोतों की जांच कराई जा रही है। दोनों मृतकों की मौत के कारणों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

गांव में चलाया गया सफाई अभियान

स्वास्थ्य विभाग की टीम के पहुंचने के साथ ही गांव में सफाई अभियान भी शुरू कराया गया। सफाई कर्मचारियों ने रुकी हुई नालियों की सफाई की और कूड़े को वाहन से गांव के बाहर भिजवाया। इससे लंबे समय से गंदगी और जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों को राहत मिली।



Source link