इटावा। भरेह थाना के पहलन गांव में शराब के नशे में पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहा था। शुक्रवार को पुलिस ने उसे महुआसूड़ा के पास से उस समय दबोच लिया, जब वह कहीं जाने की तैयारी में खड़ा था।
पहलन गांव निवासी शिवपूजन ने एक नवंबर की रात पत्नी अवधेश कुमारी की गला दबाकर हत्या कर दी थी। ताजा खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसका गला दबा दिया था। मां को बचाने के लिए बड़ी बेटी संध्या पिता के पैर पकड़कर गिड़गिड़ाती रही, लेकिन आरोपी ने उसे लात मारकर दूर कर दिया। मां की मौत के बाद चारों बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे थे।
मृतका के भाई अभिलाख सिंह की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने उसकी गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। थाना प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया कि शुक्रवार को आरोपी महुआसूड़ा के पास से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।