इटावा। संयुक्त जिला अस्पताल में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। तेज बारिश के दौरान अस्पताल के दूसरे गेट के पास खड़ा बड़ा पीपल का पेड़ अचानक टूटकर नीचे गिरा। इस हादसे में एंबुलेंस सेवा के तीन अफसर बाल-बाल बच गए जबकि चपेट में आने से तीन कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
हादसा शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुआ। जिस समय पेड़ गिरा, उस वक्त 108-102 एंबुलेंस सेवा के प्रोग्राम मैनेजर राहुल कुमार यादव निवासी पनकी, कानपुर नगर की कार द्वितीय महिला गेट के पास से निकल रही थी। अचानक गिरे पेड़ का भारी हिस्सा सीधे उनकी कार के अगले हिस्से पर आ गिरा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि कार में सवार राहुल कुमार यादव के अलावा 108-102 सेवा के रीजनल मैनेजर क्षमा सागर निवासी ओडिशा और सेवा के प्रभारी अमित यादव निवासी इटावा पूरी तरह सुरक्षित रहे।
हादसे के तुरंत बाद तीनों अधिकारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। पीपल का पेड़ गिरने से केवल एक नहीं, बल्कि गेट के पास खड़ी दो अन्य कारें भी इसकी चपेट में आ गईं। कुल मिलाकर तीनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रोग्राम मैनेजर राहुल यादव ने बताया कि तेज बारिश के बीच पेड़ गिरने से यह हादसा हुआ है। सभी लोग सुरक्षित हैं।
