भरथना। बाहरपुर नहर पुल स्थित प्राचीन बाबा ब्रह्मदेव मंदिर पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मेला एवं दंगल आयोजित किया गया। आसपास के गांवों सहित दूरदराज से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करने के साथ मेले का आनंद लिया।
दोपहर बाद आयोजित दंगल में ख्याति प्राप्त पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के दांवपेच दिखाए। मुख्य झंडा कुश्ती मुरैना के भारत पहलवान और फिरोजाबाद के नकुल पहलवान के बीच हुई। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक रोमांचक मुकाबला चला। दोनों ने एक-दूसरे को पटकनी देने के लिए कई दांव आजमाए, लेकिन कोई भी पहलवान हार मानने को तैयार नहीं हुआ।
काफी देर तक चले संघर्ष के बाद मुख्य कुश्ती बराबरी पर छूट गई। इसके साथ ही मेले में गृह उपयोगी सामान, सौंदर्य प्रसाधन, मिट्टी के बर्तन, खिलौने और खानपान की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ रही। मंदिर के पुजारी राजवीर बाबा लहरोई, पूर्व प्रधान कोमल सिंह, चरण सिंह बाबा, कमलेश, आधार, सुभाष चंद्र, शीलू यादव, शिवपाल, प्रदीप कुमार, अनिल, सुरेंद्र, प्रमोद, महेश, होशियार, सरनाम मौजूद रहे।

जिला परिषद कार्यालय, कैथल।
