ताखा। ऊसराहार के कौआ गांव स्थित गायत्री शक्ति पीठ मंदिर में मंगलवार तड़के लूट की नीयत से घुसे दो बदमाशों ने मंदिर की देखरेख कर रही महिला पर हमला कर दिया। एक बदमाश ने उनके चेहरे पर घूसा मार दिया, जिससे उनके दांत टूट गए। छीना-झपटी के दौरान बदमाश एक कान का टॉप्स और मोतियों की माला लेकर भाग गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


कौआ गांव स्थित गायत्री शक्ति पीठ मंदिर की देखरेख प्रवीण तिवारी और उनकी पत्नी शालिनी तिवारी करते हैं। प्रवीण तिवारी राजस्थान गए हुए थे, जबकि शालिनी मंदिर परिसर में अकेली थीं। मंगलवार तड़के करीब तीन बजे मंदिर की सफाई कर रहीं थीं। इसी दौरान मंदिर की दीवार फांदकर दो बदमाश कमरे में घुस आए और उनके कानों के कुंडल छीनने का प्रयास करने लगे। शालिनी ने हिम्मत नहीं हारी और डटकर विरोध किया। इसी बीच बदमाशों ने उनके चेहरे पर घूसा मार दिया, जिससे उनके दांत टूट गए और मुंह से खून बहने लगा। छीना-झपटी के दौरान उनका एक कान फट गया और बदमाश कान का एक बुंदा और गले में पहनी मोतियों की माला छीनकर मौके से भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल शालिनी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *