इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र के नगला कन्हई गांव में बृहस्पतिवार को रुपये मांगने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने गुस्से में आकर डाई पी ली, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई। परिजन ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
गांव निवासी सुनील यादव (35) डीसीएम चलाते हैं। उनकी शादी वर्ष 2017 में जीतू से हुई थी। दंपती के एक बेटा और एक बेटी हैं। सुनील ने बताया कि उन्हें डीसीएम के कारोबार में नुकसान हुआ था। वे वाहन की किस्त भी जमा नहीं कर पा रहे थे। इसी कारण वे काफी समय से आर्थिक परेशानी और तनाव में चल रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे जीतू ने उनसे रुपये मांगे। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि पति-पत्नी ने डाई पी ली।
दोनों की हालत बिगड़ने पर बच्चों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में दोनों का उपचार किया गया। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी कर जांच कराई जाएगी।(संवाद)