Jalaun Blue and Allahabad defeated both the teams of Etawah.

फोटो-18-एमएसबी इंटर कॉलेज मैदान पर क्रिकेट टूर्नामेंट खेलते खिलाड़ी। स्रोत-आयोजक

कालपी। एमएसबी इंटर कॉलेज मैदान पर द्वितीय दिवंगत गजाधर चतुर्वेदी मेमोरियल राज्य स्तरीय अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मुकाबलों का शुभारंभ हुआ। यूपीसीए के निदेशक श्याम बाबू ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर इसका उद्घाटन किया। पहले दिन जालौन ब्लू और इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (चौधरी) की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीते।


जालौन ब्लू ने डीसीए इटावा को 78 रन से हराया। वहीं, इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (चौधरी) ने डीसीए इटावा अंडर-16 को 223 रन के विशाल अंतर से पराजित किया। पहले मैच में डीसीए जालौन ब्लू ने 21.1 ओवर में 162 रन बनाए। प्रशांत यादव ने मात्र 22 गेंदों पर छह छक्कों और दो चौकों की मदद से 48 रन की नाबाद पारी खेली। विराट यादव ने 35 और प्रबलजीत यादव ने 17 रन का योगदान दिया। 163 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इटावा की टीम 12.1 ओवर में 84 रन पर ऑलआउट हो गई। जालौन ब्लू के कप्तान अनुकल्प सैनी ने तीन ओवर में नौ रन देकर चार विकेट लिए। शशांक गौतम, युवराज ठाकुर और सायन खान को दो-दो विकेट मिले।

दूसरे मुकाबले में इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन (चौधरी) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 22 ओवर में आठ विकेट पर 293 रन बनाए। कप्तान देव प्रकाश शुक्ला ने 39 गेंदों पर 12 चौके और आठ छक्कों की मदद से 99 रन की नाबाद पारी खेली। मोहम्मद हम्माद ने 20 गेंदों पर 70 रन और हर्षित ने 27 गेंदों पर 59 रन बनाए। 294 रन के लक्ष्य के जवाब में डीसीए इटावा अंडर-16 की टीम 9.4 ओवर में महज 70 रन पर सिमट गई।

इलाहाबाद की ओर से श्रेयांश जायसवाल ने 2.4 ओवर में 12 रन देकर पांच विकेट झटके। हर्षित ने बिना कोई रन दिए दो विकेट हासिल किए। मुकाबलों के समापन पर दोनों मैचों के प्लेयर ऑफ द मैच खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। मैचों में सतीश कुमार पांडेय और विशाल वर्मा ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि ओमबीर सिंह स्कोरर रहे। इस अवसर पर डीसीए जालौन सचिव विकास कुमार शर्मा और कोच कमल सैनी भी उपस्थित रहे।



Source link

अभी अभी की खबरें