इटावा। फ्रेंड्स कॉलोनी थाने से 200 मीटर की दूरी पर स्थित स्टेट बैंक की रामनगर शाखा में फौजी की पत्नी का बैग गिरने से उसमें रखी रिवॉल्वर से गोली चल गई। हादसे में पास बैठे युवक की जांघ में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भिजवाया और मौके से फौजी को हिरासत में ले लिया। पत्नी मौके से रिवॉल्वर लेकर फरार हो गई।
फ्रेंड्स कॉलोनी थानाक्षेत्र के अशोक नगर निवासी ओसीमा अपने छोटे भाई अनुराग (22) के साथ स्टेट बैंक की रामनगर शाखा से एटीएम लेने गई थीं। बुधवार करीब 12 बजे बैंक में अजीत नगर निवासी फौजी जोगेंद्र नारायण सिंह यादव की पत्नी रेखा का बैग गिरने से उसमें रखी रिवॉल्वर से गोली चल गई। गोली पास में बैठे अनुराग के दाहिनी जांघ में लगी, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा और दर्द से तड़पने लगा।
सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर शिवम राजपूत ने भर्ती कर उपचार शुरू किया। गोली लगने की जानकारी पर जिला अस्पताल पहुंचे युवक के परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं, बैंक से मौका पाकर फौजी की पत्नी रेखा रिवॉल्वर लेकर फरार हो गई। पुलिस फौजी जोगेंद्र और उसकी स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने ले गई।
हादसे की जानकारी पर पहुंचे एसपी सिटी कपिल देव को मैनेजर गजेंद्र प्रताप ने बताया कि जोगेंद्र अपने बैंक के खाते से 25 हजार रुपये निकालने आए थे। जिला अस्पताल घायल युवक का हाल जानने पहुंचे एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि फौजी जोगेंद्र की असम राइफल्स में तैनाती है। फौजी ने बताया कि वह 10 दिन की छुट्टी पर घर आया था। जम्मू-कश्मीर से उसने रिवॉल्वर का लाइसेंस बनवाया है। फौजी की पत्नी को तलाश किया जा रहा है। लोगों को बिना चेक किए व असलहा लेकर अंदर जाने पर गार्ड की लापरवाही सामने आई है और बैंक को रिपोर्ट दी जा रही है। बैंक मैनेजर गजेंद्र प्रताप ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि असलहा अंदर कैसे आया, इसकी जांच पुलिस करेगी।
