भरथना। नगर पालिका परिषद कार्यालय में सोमवार को पालिका बोर्ड की बैठक पालिकाध्यक्ष अजय कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में कस्बे की सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही सड़क और नाली निर्माण समेत कई विकास कार्यों के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। प्रकाश व्यवस्था के लिए 350 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने और आवश्यक सामग्री खरीदने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।

ईओ संतोष कुमार मिश्रा ने शासन के निर्देशों पर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना समेत अन्य योजनाओं में कस्बे के विकास के लिए कार्य योजना तैयार कर प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी। विचार-विमर्श के बाद विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बोर्ड ने सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पेयजल आपूर्ति बेहतर करने और पथ प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रस्ताव स्वीकृत किए।

सार्वजनिक स्थानों और सरकारी संपत्तियों से अतिक्रमण हटाने, अब्दुल हमीद की प्रतिमा का सौंदर्यीकरण कराने और विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए 350 लाइटें और सफाई व पेयजल व्यवस्था से संबंधित आवश्यक सामग्री खरीदने को भी हरी झंडी दी गई।

बैठक में कुछ सभासदों ने कर्मचारियों की कार्यशैली, ड्यूटी के दौरान लापरवाही का मुद्दा भी उठाया। इस पर ईओ ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इससे पहले बैठक की शुरुआत में लिपिक आदित्य प्रताप सिंह भदौरिया ने चार मई 2026 को हुई पिछली बोर्ड बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई। बैठक में सभासद सीमा, रीना देवी, सुनील कुमार, शिवा यादव, बीरेन्द्र, राममूर्ति गुप्ता, प्रमेन्द्र कुमार, रोहित भंसाली, प्रबल कश्यप, शशांक यादव, सुशील पोरवाल, किरण पोरवाल आदि उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *