इटावा। लोक निर्माण विभाग ने अपने कर्मचारियों के लिए सरकारी आवास उपलब्ध कराने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग टाइप-3 श्रेणी के छह सरकारी आवासों का निर्माण कराएगा। इन आवासों के निर्माण पर करीब 2.20 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह योजना कर्मचारियों को आवासीय सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार की गई है। प्रस्तावित सभी छह आवास टाइप-3 श्रेणी के होंगे। निर्माण कार्य के लिए विभाग ने 220 लाख रुपये की अनुमानित लागत निर्धारित की है। आवासों का निर्माण पूरा होने के बाद विभाग में तैनात कर्मचारियों को इसका सीधा लाभ मिल सकेगा। अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग खंड एक के एक्सईएन संजीव कुमार ने बताया कि कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराने के लिए छह माह की समयसीमा तय की गई है। विभाग का लक्ष्य है कि तय अवधि में आवासों का निर्माण पूरा हो जाए। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि परियोजना में कोई अनावश्यक देरी न हो। समय पर काम पूरा करने के लिए विशेष टीमें गठित की जाएंगी।
