कोंच। कस्बे के मुख्य सागर चौकी चौराहे पर प्रभात अग्रवाल की मिठाई की दुकान में शुक्रवार सुबह नौ बजे के करीब जोरदार धमाका हो गया। इसमें दुकानदार समेत एक अन्य झुलस गया, जबकि एक व्यक्ति मौके से भाग निकला। लोगों की माने तो घरेलू गैस सिलिंडर से कॉमर्शियल में अवैध रीफिलिंग के दौरान यह हादसा हुआ है।
प्रत्यक्षदर्शी श्यामसुंदर, राहुल और रामेंद्र ने बताया कि धमाके से दुकान की दीवार फट गई और टिनशेड उखड़कर गिर गया और बाहर रखा काउंटर दूर जा गिरा। दुकान के अंदर रखा फर्नीचर, मिठाई बनाने का सामान और काउंटर में रखी मिठाई पूरी तरह तहस-नहस हो गई। धमाके के बाद सामान दूर-दूर तक बिखर गया और उसके टुकड़े आसपास की दुकानों तक जा पहुंचे।
हादसे में दुकानदार प्रभात अग्रवाल और रीफिलिंग कर रहा व्यक्ति घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दुकानदार को नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरा व्यक्ति मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि वह भी झुलस गया है।
धमाके की तेज आवाज से आसपास के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही यूपी-112 की पीआरवी टीम और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बाल-बाल बचे ग्राहक
घटना के समय आसपास की दुकानों के बाहर कई ग्राहक मौजूद थे। धमाके से काउंटर व शीशे के टुकड़े दूर तक उड़े, लेकिन गनीमत रही कि कोई भी ग्राहक उनकी चपेट में नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
धमाके से दहशत, घरों तक हिला सामान
धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों और दुकानों में रखा सामान तक हिल गया और कई जगहों पर सामान गिर पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा और काफी देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
वर्जन
मिठाई की दुकान में हुए धमाके के मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
परमेश्वर प्रसाद, सीओ कोंच

फोटो-10 दुकान के बाहर सड़क पर क्षतिग्रस्त पड़ा काउंटर व बिखरी पड़ी मिठाई। संवाद

फोटो-10 दुकान के बाहर सड़क पर क्षतिग्रस्त पड़ा काउंटर व बिखरी पड़ी मिठाई। संवाद

फोटो-10 दुकान के बाहर सड़क पर क्षतिग्रस्त पड़ा काउंटर व बिखरी पड़ी मिठाई। संवाद

फोटो-10 दुकान के बाहर सड़क पर क्षतिग्रस्त पड़ा काउंटर व बिखरी पड़ी मिठाई। संवाद
