बीती रात आई तेज आंधी एक परिवार पर भारी पड़ गई। थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरने से किसान संतराम राजपूत (60) की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। शनिवार रात करीब नौ बजे तेज आंधी चल रही थी। संतराम राजपूत अपने घर के आंगन में पड़ा तहमत उठाने के लिए बाहर निकले थे। तभी उनके पुत्र दिनेश के प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकान की दीवार गिर गई।
दीवार की चपेट में आने से संतराम मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पत्नी विमला देवी की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने संतराम को मलबे से बाहर निकाला। परिजनों ने संतराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज पहुंचाया। गंभीर हालत में उन्हें लोहिया अस्पताल, सैफई मेडिकल कॉलेज और फिर एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
