अमृतपुर। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों की सूची तैयार करने में अनियमितताओं की शिकायत के बाद गांव में तैनात आशा कार्यकर्ता की जांच की गई है। पूर्व प्रधान की शिकायत पर जिलाधिकारी के आदेश पर पांच सदस्यीय टीम ने गांव पहुंचकर मामले की पड़ताल की।
ब्लॉक राजेपुर के बलीपट्टी रानी गांव की पूर्व प्रधान शशिप्रभा शुक्ला ने 2 नवंबर को जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर से शिकायत की थी। उन्होंने गांव की आशा कार्यकर्ता शोभा शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाए थे। शशिप्रभा शुक्ला के अनुसार, शोभा शुक्ला ने आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की सूची तैयार करने में अनियमितताएं की हैं। उन्होंने ग्राम प्रधान के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल किया है। पूर्व प्रधान ने इस मामले की गहन जांच और दोषी पर कार्रवाई की मांग की थी। इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने तुरंत संज्ञान लिया और पांच सदस्यीय टीम बनाकर जांच के आदेश दिए।
जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार को एडीईओ पंचायत अजीत पाठक, एडीओ विकास सक्सेना, एडीओ कोआपरेटिव और ग्राम विकास अधिकारी आदित्य कुमार गांव पहुंचे। टीम ने ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता दोनों से साक्ष्य लिए। एडीओ पंचायत ने बताया कि जांच पूरी कर ली गई है। दोनों पक्षों ने अपने-अपने अभिलेख प्रस्तुत किए हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।
