– 23 नवंबर शाम छह बजे से 24 नवंबर शाम छह बजे तक लागू रहेगी व्यवस्था, उमड़ेंगे श्रद्धालु

– कन्नौज, मैनपुरी, एटा, शाहजहांपुर और हरदोई में तय किए गए रोकने और डायवर्जन के प्वाइंट

संवाद न्यूज एजेंसी

फर्रुखाबाद। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पुलिस ने जिले में भारी वाहनों के प्रवेश पर 24 घंटे की रोक लगाई है। यह रोक 23 नवंबर की शाम छह बजे से 24 नवंबर की शाम छह बजे तक प्रभावी रहेगी।

ट्रक, टैंकर, डीसीएम, डंपर और लोडर जैसे मालवाहक वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर रोका और डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कन्नौज, मैनपुरी, एटा, शाहजहांपुर और हरदोई के पुलिस अधिकारियों से संबंधित क्षेत्रों में निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है। कार्तिक पूर्णिमा पर 24 नवंबर को सुबह तीन बजे से गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो जाएंगे। पांचाल घाट पर एक से 1.25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। शृंगीरामपुर घाट पर 40 से 45 हजार और ढाईघाट पर 45 से 50 हजार श्रद्धालु आ सकते हैं। कन्नौज से आने वाले मालवाहक वाहनों को गुरसहायगंज से छिबरामऊ की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मैनपुरी के बेवर और एटा के बिराहिमपुर बॉर्डर पर फर्रुखाबाद की ओर आने वाले वाहन रोके जाएंगे। जनपद शाहजहांपुर से आने वाले वाहनों को अल्लाहगंज और हुल्लापुर में रोका जाएगा। हरदोई से आने वाले मालवाहक वाहनों को रूपापुर में रोका जाएगा।



Source link