फर्रुखाबाद। सदर तहसील के गांव लखरौआ निवासी रामचरन व्यवसाय के काम से परिवार के साथ शाहजहांपुर में रहते हैं। मृत पिता के नाम से जमीन का फर्जी बैनामा कराने में कोर्ट के आदेश पर तीन नामजद समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज कराई।

मोहम्मदाबाद थाने के गांव लखरौआ के रामचरन ने गांव के ही रमेश, बादाम, फिरोजाबाद जिले के थाना शिकोहाबाद के गांव नगला बटेश्वरी निवासी रामचंद्र और एक अज्ञात पर धोखाधड़ी समेत कई धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसमें कहा कि उनके पिता भारत सिंह के नाम गांव में जमीन थी। पिता का निधन 10 जुलाई 1980 को हो गया था। व्यवसाय के कारण बाहर रहने से उन्होंने भूमि लखरौआ निवासी रमेश सिंह को दो हजार रुपये वार्षिक उगाही पर दे दी थी। आरोप है कि रमेश ने 18 जून 2007 को भारत सिंह के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी हस्ताक्षर से अपने पक्ष में बैनामा करा लिया। गवाह बादाम सिंह व रामचंद्र रहे।

अक्तूबर 2025 में उगाही मांगने पर रमेश ने खुद को मालिक बताकर गाली-गलौज की। बाद में गलती स्वीकार कर बैनामा निरस्त कराने को कहा लेकिन छह माह से अधिक बीतने पर भी निरस्त नहीं कराया। उल्टा जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़ित ने थाना मऊदरवाजा थाने में शिकायत की। सुनवाई न होने पर एसपी को प्रार्थनापत्र दिया, फिर भी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण लेने पर प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू की गई है।



Source link

अभी अभी की खबरें