फतेहपुर। गर्भाशय की बीमारियों से जूझ रही महिलाओं के लिए अब इलाज की राह आसान होगी। ऑपरेशन के लिए कानपुर और लखनऊ जैसे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

अमर शहीद जोधा सिंह अटैया ठाकुर दरियाव सिंह चिकित्सा महाविद्यालय अल्लीपुर में पहली बार आधुनिक दूरबीन विधि से गर्भाशय निकालने की सुविधा शुरू की गई है। इससे जिले की महिलाओं को सरकारी चिकित्सा व्यवस्था में ही अत्याधुनिक सर्जरी का विकल्प मिल सकेगा।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरके मौर्य के मार्गदर्शन में प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. रोशनी गुप्ता और सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने टोटल लैप्रोस्कोपिक हिस्टेरेक्टॉमी (टीएलएच) की सुविधा शुरू की है। इस तकनीक में पेट पर बड़ा चीरा लगाने के बजाय पांच से दस मिलीमीटर के छोटे छेद किए जाते हैं।

एचडी कैमरे और विशेष उपकरणों की मदद से गर्भाशय निकाला जाता है। पारंपरिक ऑपरेशन की तुलना में इसमें दर्द और रक्तस्राव कम होता है। साथ ही संक्रमण का खतरा भी अपेक्षाकृत कम रहता है। गर्भाशय में गांठ, अत्यधिक रक्तस्राव, एंडोमेट्रियोसिस, गर्भाशय के खिसकने और प्री-कैंसर जैसी समस्याओं से पीड़ित महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा।

विभागाध्यक्ष डॉ. रोशनी गुप्ता के मुताबिक, ऑपरेशन के बाद मरीज को सामान्यत: 24 से 48 घंटे में छुट्टी दी जा सकती है। वहीं एक से दो सप्ताह में वह अपनी सामान्य दिनचर्या में लौट सकती है।

प्राचार्य डॉ. आरके मौर्य ने बताया कि इस सुविधा के शुरू होने से जिले की महिलाओं को आधुनिक सर्जरी के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मेडिकल कॉलेज में उन्नत उपचार सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।



Source link