औंग। प्रयागराज-कानपुर हाईवे पर आशापुर ओवरब्रिज के पास रविवार को टायर फटने से अनियंत्रित कार सर्विस लेन पर खड़ी दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में खड़ी कार का चालक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 20 से 25 मीटर तक घिसटती चली गई।


सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजकुमार सोलंकी कार से आगरा स्थित अपने घर जा रहे थे। आशापुर के पास पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर निकलने के बाद उनकी कार का चालक की तरफ का पिछला टायर अचानक फट गया। इससे कार अनियंत्रित होकर सर्विस लेन पर खड़ी दूसरी कार से जा टकराई। उस समय कार चालक विकास त्रिपाठी पीछे का पंक्चर टायर बदल रहे थे।

वह आशापुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्टरी में काम से आए थे और कानपुर के जेके लाल बंगला स्थित अपने घर लौट रहे थे। हादसे में विकास घायल हो गए। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों कारों को थाने लाया गया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



Source link