खागा। कोतवाली क्षेत्र के रोशनपुर टेकारी गांव में लोडर चालक प्रदीप उर्फ कल्लू (25) की मौत का कारण पोस्टमार्टम में स्पष्ट नहीं हो सका। चिकित्सक ने विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है।
वहीं पिता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। सोमवार को परिजन और ग्रामीणों ने सीओ रवि प्रकाश सिंह से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मालादेई गांव निवासी प्रदीप बचपन से ही ननिहाल रोशनपुर टेकारी में रह रहा था। वह निजी लोडर चलाता था। 19 नवंबर की रात वह घर में चारपाई पर सोया था। अगली सुबह उसका शव खून से लथपथ मिला था।
पिता रामचंद्र ने तहरीर में विनोद, उसके दामाद, लल्लाबाबू उर्फ कृष्णपाल, शुभम और नीरज पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता ने बताया कि चार वर्ष पहले प्रदीप गांव के एक व्यक्ति की बेटी को लेकर चला गया था।
इस मामले में लड़की पक्ष की ओर से दर्ज मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि 19 नवंबर को फतेहपुर न्यायालय में तारीख पर पहुंचे प्रदीप को विनोद और उसके दामाद ने धमकी दी थी।
खागा सीओ रवि सिंह ने परिजन को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया है। पुलिस के अनुसार, विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
