फतेहपुर। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए संचालित बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत इच्छुक लाभार्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। स्वयं का व्यवसाय, सेवा या उद्योग शुरू करने के इच्छुक ग्रामीण 16 नवंबर तक संबंधित विकासखंड कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

जिला विकास अधिकारी साधना दीक्षित ने बताया कि आवेदन का प्रारूप विकासखंड कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है। योजना के तहत अनुसूचित जाति के लाभार्थियों को वितरित ऋण का 35 प्रतिशत, अधिकतम 70 हजार रुपये और सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को 25 प्रतिशत, अधिकतम 50 हजार रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।

अनुदान की राशि तभी मिलेगी, जब लाभार्थी ऋण का सदुपयोग कर संपत्ति सृजन करेंगे, परियोजना पूरी करेंगे और इकाई में उत्पादन या सेवा संबंधी कार्य शुरू करेंगे। लाभार्थियों का चयन आवेदन प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर जिला स्तरीय चयन एवं क्रियान्वयन समिति साक्षात्कार के माध्यम से करेगी। चयन में पहले आवेदन करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।



Source link