Fatehpur News: यूपी के ​फतेहपुर भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की थरियांव शाखा से व्यवसायिक ऋण लेकर रकम हड़पने और बैंक कर्मचारियों को धमकी देने के मामले में थरियांव थाने में गुरुवार के दिन मुकदमा पंजीकृत किया गया है।पुलिस ने शाखा प्रबंधक की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार थरियांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक दिनेश कुमार ने थानाध्यक्ष थरियांव को दी गई तहरीर में बताया कि असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट टीकर निवासी जितेन्द्र कुमार पुत्र शत्रुघ्न सिंह ने 26 दिसंबर 2024 को मैसर्स जेके ट्रेडर्स के नाम से व्यवसाय संचालित करने के लिए 49,50,000 रुपये का नकद साख सीमा ऋण लिया था।

​तहरीर में गंभीर आरोप लगाया गया है कि ऋण की राशि को व्यापारिक गतिविधियों में लगाने के बजाय आरोपी ने अपने निजी खर्चों में इस्तेमाल किया। इसके अलावा ऋण खाते से बड़ी धनराशि अपने मित्रों और रिश्तेदारों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई। शेष रकम को वैभव इंटरप्राइजेज नामक फर्म के माध्यम से कथित रूप से फर्जी तरीके से ठिकाने लगाकर गबन कर लिया गया।

कर्मचारियों के साथ अभद्रता

​बैंक प्रबंधन का आरोप है कि पूरी ऋण राशि को बदनियती से हड़पने के उद्देश्य से यह धोखाधड़ी की गई, जिससे बैंक को अपूरणीय आर्थिक क्षति पहुंची है। जब बैंक के कर्मचारी ऋण वसूली और जांच के सिलसिले में जितेन्द्र कुमार के पास पहुंचे, तो आरोप है कि उसने कर्मचारियों के साथ अभद्रता करते हुए धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि जो करना हो कर लो, उसका कुछ नहीं बिगाड़ा जा सकता,उसकी पहुंच उच्चाधिकारियों तक है और वह बैंक से लिया गया ऋण वापस नहीं करेगा।

​शाखा प्रबंधक की शिकायत पर थरियांव पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऋण खातों के लेनदेन और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है,जिसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच किया जा रहा है।



Source link

अभी अभी की खबरें