रायबरेली। फर्जी आधार कार्ड बनाकर साइबर फ्राड करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। इनके पास से सदर कोतवाली पुलिस ने फर्जी आधार कार्ड व मोबाइल बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बरेली जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के शेखूपुरा निवासी सुनील कुुमार, मोहल्ला रतनपुरी निवासी अमित कुमार, अंशू कुमार, गोगई निवासी वसीम खान और नई बस्ती निवासी सारिफ हुसैन को गिरफ्तार किया गया है। इन पांच आरोपियों के पास से छह आधार कार्ड और छह मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे लोग फर्जी आधार बनाकर, एडिटिंग कर विभिन्न जनपदों में फर्जी बैंक खाते खुलवाते हैं। लोगों के साथ साइबर फ्राड कर इन खातों से पैसा निकाल लेते हैं। रायबरेली की करीब छह-सात बैंकों में खाता खुलवाया। 10 अक्तूबर को रायबरेली शहर स्थित यूको बैंक में खाता खुलवाने गए थे।
बैंक मैनेजर को शक हुआ तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। केस भी दर्ज कराया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सभी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज करके उन्हें जेल भेज दिया गया है।
