
विधायक बाबूलाल चौधरी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार चहर का विरोध करने पर भाजपा विधायक बाबूलाल को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा विधायक और उसके बेटे को पार्टी से निष्कासित किया जाए।
लोहामंडी स्थित अपने कैंप कार्यालय पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री चौधरी उदयभान सिंह, डॉ. संजीव पाल सिंह ने कहा कि चौधरी बाबूलाल का इतिहास उठाकर देखा जाए तो वह भाजपा के विरोध में रहे हैं। हमारा परिवार छह पीढ़ियों से संघ का स्वयंसेवक रहा है। ऐसे में पार्टी का जो भी निर्णय रहा हो हमारे परिवार ने हमेशा उसी का समर्थन किया है।
डॉ. संजीव पाल सिंह ने कहा कि विधायक बाबूलाल के बेटे डॉ. रामेश्वर ने पार्टी के लिए कुछ नहीं किया है। मैं 2009 से फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी का कार्य करता रहा हूं। मैंने भी लोकसभा के लिए टिकट मांगा था, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मैं पार्टी के घोषित प्रत्याशी का विरोध करने लगूं। चौधरी बाबूलाल का पूरा खानदान भाजपा का लाभ उठा रहा है। उनका एक बेटा जिला पंचायत सदस्य है, अनुज वधु ब्लॉक प्रमुख है। वह 2014 में लोकसभा सदस्य रहे और वर्तमान में विधायक हैं। इसके बाद भी पार्टी का विरोध करना दर्शाता है कि उनकी मानसिकता भाजपा विरोधी है।