साहिबाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने साइट फोर की सड़कों की मरम्मत के लिए आठ माह पहले टेंडर जारी होने के बाद भी काम शुरू न करने पर संबंधित फर्म को अंतिम नोटिस जारी कर 24 घंटे की मोहलत दी है। यदि फिर भी काम शुरू नहीं किया तो टेंडर भी निरस्त किया जाएगा और फर्म को काली सूची में डाल दिया जाएगा। वहीं, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से साइट फोर में निरीक्षण कर उड़ती धूल को लेकर नाराजगी व्यक्त की है।

दरअसल, औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 की सड़कों के निर्माण और रिसर्फेसिंग के लिए मार्च में टेंडर जारी किया गया था। करीब 41.67 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम की शुरुआत जून में प्रस्तावित थी। इसके बाद 13 अक्तूबर में निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए थे, बावजूद काम नहीं शुरू हुआ। अब यूपीसीडा निर्माण खंड-प्रथम कार्यालय की ओर से 25 नवंबर को जारी नोटिस में कहा गया कि औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 में सड़क संख्या-6, सौर ऊर्जा मार्ग, बीईएल रोड के बाईं ओर, प्लॉट संख्या बी/57 से 40/4, प्लॉट संख्या 41/1 से 50/1, प्लॉट संख्या 49/34 से रोड नंबर-2, रोड नंबर-18, 33, ए-42 सबडिवीजन रोड और सब डिविजन-38 के कुछ हिस्सों में सड़क निर्माण, बिटुमिनस रिसर्फेसिंग और नालियों का निर्माण कराया जाना है। इसके लिए 13 अक्तूबर 2026 को कार्यादेश जारी किया गया था। कार्य पूरा करने की समय सीमा 4 अप्रैल 2028 निर्धारित है, लेकिन अभी तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। मरम्मत में हो रही देरी को लेकर यूपीसीडा ने ठेकेदार शर्मा कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड को नोटिस जारी कर काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

———

अधिकारियों ने जताई नाराजगी

परिवाहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों के साथ बुधवार को औद्योगिक क्षेत्र साइट-फोर साहिबाबाद का सड़कों का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़कों की स्थिति बेहद खराब और धूल उड़ती मिली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने धूल उड़ने और काम शुरू न करने पर नाराजगी जताई। नोटिस के मुताबिक, ग्रैप-4 और ग्रैप-3 के प्रतिबंध हटने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की अनुमति उपलब्ध होने के बावजूद फर्म ने काम शुरू नहीं कराया।

——-

आवागमन में हो रही परेशानी

औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 की जर्जर सड़कों और जगह-जगह हुई खोदाई से उद्यमियों, कर्मचारियों और राहगीरों की परेशानी हो रही है। सड़कों पर गडढे और उखड़ी सतह के कारण दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। वहीं, औद्योगिक इकाइयों में माल लेकर आने-जाने वाले भारी वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

———

निर्धारित समय में काम शुरू नहीं होने पर फर्म के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए उसे काल सूची (ब्लैकलिस्ट) में डालने का प्रस्ताव भी उच्चाधिकारियों को भेजा जा सकता है।- सोनू कुमार पांडेय, प्रबंधक, साइट-4 साहिबाबाद।



Source link