गाजीपुर। विकास कार्यों के नाम पर अब बिना अनुमति सड़कों की खोदाई नहीं की जा सकेगी। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि उनकी अनुमति के बिना कहीं भी सड़क नहीं खोदी जाए।

उन्होंने कहा कि अपरिहार्य स्थिति में भी नियमानुसार अनुमति लेने के बाद ही खोदाई की जाए और काम पूरा होने पर सड़क की मरम्मत भी अनिवार्य रूप से कराई जाए।

शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में 50 लाख रुपये से ज्यादा की लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से परियोजनाओं की भौतिक प्रगति की जानकारी ली और सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में स्वगणना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित रूप से रिपोर्टिंग करने और कार्ययोजना बनाकर लोगों को स्वगणना के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोग स्वयं अपनी गणना की प्रक्रिया में हिस्सा लें और एसई आईडी जनरेट करें। एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 के बीच जब प्रगणक घरों पर जाएंगे, तब लोग उन्हें अपनी एसई आईडी उपलब्ध करा सकेंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Source link