हलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के चौरा गांव में शुक्रवार देर शाम भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने से सात लोग घायल हो गए। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हलिया पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
चौरा गांव निवासी सुरेश और हरेंद्र के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार देर शाम दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इसमें प्रथम पक्ष से सुरेश (50), विपेंद्र (17) और बृजेश (22) घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से हरेंद्र (35), रविंद्र (30), शिव कुमारी (20) और ममता (25) को चोटें आईं।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुरेश, रविंद्र और शिव कुमारी को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। चिकित्सक रीना सिंह ने बताया कि सात घायलों का उपचार किया गया, जिनमें तीन को रेफर किया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
