सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र स्थानीय गांव में शनिवार की देर रात देवल- सेवराई मार्ग स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से यश गुप्ता (15) की मौत हो गई। वहीं, बाइक चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि सेवराई गांव निवासी योगेंद्र प्रसाद गुप्ता ने तहरीर देकर बताया कि छोटे भाई शंभू गुप्ता का इकलौता पुत्र यश गुप्ता (15) था। वह देर रात परेमन शाह पोखरे से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि भतीजा यश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल यश और बाइक चालक लहना निवासी गोलू (22) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने यश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गोलू की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। यश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। इकलौते बेटे को खोने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
गहमर कोतवाल नंदकुमार तिवारी ने बताया कि किशोर के बड़े पिता योगेंद्र प्रसाद गुप्ता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्जकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ पुलिस टीम विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
