गोंडा। जिले में जर्जर सड़कों की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने लोक निर्माण विभाग की ओर से प्रस्तावित 28 सड़कों के विशेष मरम्मत कार्यों को मंजूरी दे दी है। इन सड़कों की कुल लंबाई 57 किलोमीटर है। इनकी मरम्मत पर 15 करोड़ 71 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। शासन की ओर से 20 नवंबर को जारी आदेश में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए इन कार्यों की स्वीकृति दी गई है।


करनैलगंज-हुजूरपुर से रेवारी जूनियर हाईस्कूल होते हुए रेवारी गांव तक 2.50 किलोमीटर सड़क, पूरेनारी से वेदहवा रमघटा तक दो किलोमीटर और बीएफए रोड से वीरपुर भोज तक 1.85 किलोमीटर मार्ग की विशेष मरम्मत कराई जाएगी। इसी तरह रूपईडीह-खरगूपुर से बभनी सराय तक 2.30 किलोमीटर, बीएफए रोड के 47वें किलोमीटर से भवानीपुर होते हुए गौसिहा तक 1.20 किलोमीटर और फरेंदा जरवल रोड से रेरुआ लिंक रोड तक 1.25 किलोमीटर सड़क की मरम्मत होगी। इसके अलावा कई अन्य सड़कों का भी कार्य होगा। अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि सड़कों की मरम्मत से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। (संवाद)



Source link