गोंडा। जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के नाम पर 4.78 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं लेकिन स्थिति जस की तस नजर आती है। हाल यह है कि दो महीने पहले कराई गई मरम्मत भी उखड़ने लगी है। आर्यनगर, भवनियापुर, मसकनवा, छपिया, बालपुर और परसपुर के संपर्क मार्ग बदहाली की तस्वीर बयां कर रहे हैं। ऐसे में खर्च की गई रकम और मौके पर हुए काम की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

आर्यनगर-गोकरननाथ शिवाला और भवनियापुर उपाध्याय चौराहा होते हुए महराजगंज-बलरामपुर मार्ग तक कई स्थानों पर बड़े गड्ढे हैं। हरिशंकर, कुनाल गोस्वामी, गोलू दूबे और विनोद ने बताया कि परसोहनी में विसुही नदी पुल के दोनों ओर, गौनरिया, भयापुरवा स्थित प्राणनाथ मंदिर, गोकरननाथ शिवाला चौराहा, खटिकनपुरवा नहर पुल, भटपी गांव, परसौरा पुल और महेशपुर मोड़ पर सड़क क्षतिग्रस्त है। जेई उपेंद्र कुमार सिंह के अनुसार, करीब तीन महीने पहले पैचिंग पर 10 लाख रुपये खर्च किए गए थे।

मसकनवा रेलवे क्रॉसिंग से ब्लॉक मुख्यालय, रेलवे स्टेशन और भवाजितपुर-सोहिला होते हुए मसकनवा-जीराभारी संपर्क मार्ग तक करीब तीन किलोमीटर सड़क बदहाल है। मनमीत सिंह, आशीष द्विवेदी और पवन दीक्षित ने बताया कि प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग ने तीन साल पहले सड़क की मरम्मत कराई थी। दो महीने पहले गड्ढों में पत्थर डालकर पैचिंग की गई लेकिन वह भी उखड़ गई।

15 साल से सड़क जर्जर, सात साल से टूटी पुलिया

छपिया में बखरौली प्रधानमंत्री मार्ग से महमूदपुर हरसिंहपुर गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग करीब 15 साल से जर्जर है। नहर की बाईं ओर बनी पुलिया की दीवार भी सात साल से टूटी है। इसी रास्ते से बच्चे प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर जाते हैं। शैलेंद्र पांडेय, रामकुमार पांडेय, राजेश और गजेंद्र पांडेय ने बताया कि कई बार मांग के बावजूद सड़क और पुलिया की मरम्मत नहीं कराई गई। मसकनवा बाजार से नरायनपुर ईश्वरी होते हुए गौराचौकी मार्ग को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त है।

एक महीने में उखड़ी पैचिंग

दुर्जनपुर से गौरिया और किशुनदासपुर जाने वाले मार्गों पर एक महीने पहले कराई गई पैचिंग उखड़ने लगी है। दुर्जनपुर पचूमी चौराहे से राजा फार्म हाउस तक वर्ष 2019 में बनी सड़क की आज तक मरम्मत नहीं हुई। देवी नगर निवासी सरजू प्रसाद मौर्य ने बताया कि गड्ढों के कारण पैदल चलना भी मुश्किल है। उधर, बालपुर-परसपुर मार्ग छह महीने से खुदा पड़ा है।

30 तक गड्ढे भरने का दावा

पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गड्ढामुक्त अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। मरम्मत के एक-दो महीने में ही पैचिंग उखड़ने वाली सड़कों को संबंधित ठेकेदार से दोबारा दुरुस्त कराया जाएगा। क्षतिग्रस्त मार्गों के पुनर्निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि गड्ढामुक्त अभियान में अब तक 4.78 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। शेष काम पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद

गोंडा में सड़कों की जर्जर हालत। संवाद



Source link