अमरोहा। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों को परखने के लिए रविवार को जोया रोड स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में ब्लैक आउट मॉकड्रिल कराई गई। सायरन बजते ही लाइटें बंद करने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने का अभ्यास कराया गया। लोगों को घबराने के बजाय सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
डीएम डॉ. नितिन गौड़ के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आयोजित मॉकड्रिल में पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य, विद्युत विभाग, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की टीमों ने प्रतिभाग किया। इसका उद्देश्य बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैक आउट लागू करने और सुरक्षा मानकों के पालन की तैयारियों को परखना था।
अभ्यास के दौरान सायरन बजने पर घरों और प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने के साथ इन्वर्टर और जनरेटर से निकलने वाली रोशनी रोकने के उपाय बताए गए। स्थानीय निवासियों को खिड़कियों और खुले स्थानों से दूर सुरक्षित जगह पर शरण लेने और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई। मॉकड्रिल में विभागों के आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों की क्षमता भी परखी गई। प्रशासन का उद्देश्य आपदा के समय जान-माल का नुकसान कम करने के साथ आमजन को पहले से तैयार करना है।
