शाहजहांपुर। महानगर को सुंदर बनाने के लिए अतिक्रमण हटाकर सड़कों का चौड़ीकरण तो करा दिया गया लेकिन बिजली के 50 से ज्यादा खंभे अब भी रास्ता घेरे खड़े हैं। दो विभागों के बीच खींचतान के चलते कई सालों बाद भी खंभों को नहीं हटाया जा सका है। इससे हादसों का खतरा बना रहता है। सर्दियों में कोहरा छाने पर दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाएगी।
शहर में वर्ष 2018 में सड़कों को चौड़ा करने के लिए अभियान शुरू किया गया था। लाल इमली चौराहा, रोडवेज बस अड्डे से महिला थाना, ईदगाह रोड, लकड़ी मंडी समेत कई स्थानों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। खंभों की आड़ में कारोबार करने वाले और अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई दुकानों व खोखों को हटाया गया। इससे सड़कें चौड़ी हो गईं।
उस समय अधिकारियों ने सड़कों का चौड़ीकरण तो करा दिया लेकिन बिजली के खंभों को हटाने की जरूरत नहीं समझी गई। कई वर्ष बीत जाने के बाद भी खंभे पहले की तरह ही खड़े हैं। दुकानों से एक से चार फुट की दूरी पर लगे खंभों के कारण आवागमन में परेशानी होती है और हादसों का खतरा बना रहता है। विद्युत निगम के अधिकारी सड़क निर्माण कराने वाले नगर निगम से एस्टीमेट की धनराशि मिलने पर खंभे हटाने की बात कह रहे हैं। वहीं, नगर निगम के अधिकारी भी इस मामले में स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं।
—
सड़कों पर संभलकर चलें, हादसे का सबब बन सकते हैं खंभे
रोडवेज बस अड्डे से महिला थाने तक पांच बिजली के खंभे लगे हुए हैं, जो दीवार से करीब डेढ़ फुट दूरी पर हैं। प्रमुख मार्ग होने के बावजूद खंभों को हटाने की जरूरत नहीं समझी गई। इसी तरह टाउन हॉल में कवि तिराहे से उद्योग केंद्र के आगे तक लगे तीन खंभों की दूरी दीवार से करीब दो फुट दूर है। वर्तमान में नगर निगम ने सड़क बनाकर खंभों को बीच में कर दिया है।
—
मंडी में सड़क के बीच में खंभे, आड़ में होने लगा अवैध कब्जा
शहर की लकड़ी मंडी से अवैध कब्जे हटाने के लिए नगर निगम को काफी मशक्कत करना पड़ी थी। यहां पर कब्जा हटने के बाद पहले छिपे खंभे सड़क के बीच में आ गए। कई वर्ष बीतने के बाद भी इन्हें किनारे करने की योजना नहीं बनाई गई। जबकि मंडी से कुछ दूरी पर ही बहादुरगंज में अधिशासी अभियंता सिटी का कार्यालय है। खंभे नहीं हटाने के चलते कुछ दुकानदारों ने आड़ लेकर फिर से अपनी दुकानें सजाना शुरू कर दी हैं। इसी तरह ईदगाह रोड पर लॉन के पास चार खंभे सड़क को घेरे हुए हैं। यहीं पर कुछ कदम पर डबल खंभे पर ट्रांसफॉर्मर भी रखा है। यह प्रमुख मार्ग होने के चलते हर समय लोगों की आवाजाही रहती है।
—
बिजली के खंभों को हटाने के लिए संबंधित विभाग ने एस्टीमेंट की धनराशि जमा नहीं की है। जिसके चलते सड़क से खंभे नहीं हटाए गए हैं। एस्टीमेंट आते ही कार्य को शुरू कराया जाएगा।
-धीरज यादव, अधिशासी अभियंता नगर, विद्युत निगम
—
नए सड़क निर्माण के प्रोजेक्ट को लेकर पहले एस्टीमेंट के लिए सर्वे कराया जाएगा। जिससे खंभे शिफ्ट कराकर सड़क बनाई जा सके। बाकी जगहों पर नगर निगम और विद्युत निगम वार्ता कर हल निकालेंगे।
-सौम्या गुरुरानी, नगर आयुक्त

शाहजहांपुर में टाउन हॉल में उद्योग केंद्र के सामने सड़क पर लगा खंभा। संवाद

शाहजहांपुर में टाउन हॉल में उद्योग केंद्र के सामने सड़क पर लगा खंभा। संवाद

शाहजहांपुर में टाउन हॉल में उद्योग केंद्र के सामने सड़क पर लगा खंभा। संवाद
