नानपारा। नेपाल के धादिंग जिले में आयोजित प्रथम इंटरनेशनल ओपन कराटे चैंपियनशिप में भारत दूसरे स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में नानपारा के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीते।
नेपाल के बागमती प्रदेश में नीलकंठ स्पोर्ट्स क्लब और जेकेएफ वाडोकाई कराटे डो नेपाल की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आईएसकेएफ के चीफ कोच सेंसई सलीम बख्श के मार्गदर्शन और कोच मोहम्मद फहीम के नेतृत्व में नानपारा के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
50 किलोग्राम भार वर्ग में शहरे आलम और शाहिद अली ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं, निखिल सिंह ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। जुबेरिया करीम, जोया, इशरा करीम, मोहम्मद आमिर, सुहैल और मोहम्मद जैद को सांत्वना पुरस्कार मिला।
प्रतियोगिता में काता और कुमिते वर्ग के मुकाबले हुए। भारत की ओर से शिहान हिमांशु सिंह ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई। समापन समारोह में विजेताओं को ट्रॉफी, पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सेंसई सलीम बख्श ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से विभिन्न देशों के खिलाड़ियों को एक-दूसरे की संस्कृति और सभ्यता समझने का मौका मिलता है। इससे आपसी भाईचारा और मैत्रीपूर्ण संबंध मजबूत होते हैं।
