
स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी एलईडी को देखते सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
घोसी उपचुनाव के लिए मतदान खत्म होने के बाद अब वह घड़ी आ गई है जिसका सभी को इंतजार होता है। शुक्रवार सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती की जाएगी। मऊ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्ट्रांग रूम में ईवीएम रखी गई है। यहां पर एक तरफ जहां पुलिस फोर्स और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान स्ट्रांग रूम की रखवाली के लिए तैनात हैं। वहीं समाजवादी पार्टी और उसके गठबंधन के कार्यकर्ता भी स्ट्रांग रूम की रखवाली के लिए मुस्तैद हैं। स्ट्रांग रूम के बाहर लगाए सीसीटीवी एलईडी में सपा नेता और कार्यकर्ता टकटकी लगाए देख रहे हैं।
मतदान खत्म होने के बाद मंगलवार रात से ही सपा और उसके गठबंधन पार्टी के कार्यकर्ता डटे हैं। आज रात स्ट्रांग रूम के बाहर ही ढोल-मंजीरे के साथ जगराता करेंगे। सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्हें प्रशासन पर भरोसा नहीं है। वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि सपा हार के डर से ईवीएम पर ठीकरा फोड़ने के लिए तैयार हो गई है।
साख का सवाल बना घोसी उपचुनाव
वोटों की गिनती से पहले की ये वो रात है, जब किसी भी नेता या उसके समर्थक को मुश्किल से नींद आएगी। मतदान का रुझान ऐसा है कि सता और विपक्ष दोनों की बेचैनी बढ़ा रहा है। एक ओर समाजवादी पार्टी है, जिसने दारा सिंह को गंवाने के बाद घोसी को फिर से वापस पाने के लिए जी जान लगा दिया था। दूसरी ओर भाजपा है, जिसके लिए यह चुनाव साख का सवाल बन गया है। घोसी उपचुनाव को एनडीए बनाम इंडिया गठबंधन का पहला मुकाबला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: कांटे की टक्कर में कौन मार रहा बाजी, सपा या भाजपा; कम वोटिंग से किसे मिलेगा फायदा?