
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली के इज्जतनगर थाना पुलिस ने किरायेदार युवती, प्रेमी और उसके दोस्त को जेल भेजकर चोरी की घटना का खुलासा किया है। युवती ने मकान मालकिन को छत पर बुलाकर बातों में लगा लिया। उसके प्रेमी ने साथी के साथ घर में चोरी कर ली। चोरी का माल बरामद कर तीनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।
इज्जतनगर इलाके में सुमनलता के घर में बृहस्पतिवार शाम को चोरी हुई थी। उनके पति सेना में हैं। वह घर में अकेली रहती हैं और तीन किरायेदारों के परिवार हैं। उन्होंने पुलिस से चोरी की शिकायत की थी। इज्जतनगर इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि संदेह हुआ कि कोई करीबी ही ऐसी घटना करा सकता है।
तीनों किरायेदारों से पूछताछ की गई तो एक कमरे में हिमायनी नाम की युवती मिली। फतेहगंज पश्चिमी कस्बा निवासी हिमायनी ने बताया कि वह पार्लर में पार्ट टाइम नौकरी करती है। पुलिस ने संदेह में हिमायनी के फोन की जांच की तो हालिया कॉल रिकॉर्ड से लेकर व्हाट्सएप मेसेज तक का रिकॉर्ड गायब मिला।
पुलिस ने सर्विलांस से मदद ली और कड़ियां जुड़ती चली गईं। फिर पुलिस ने हिमायनी के प्रेमी फतेहगंज पश्चिमी वार्ड नंबर पांच निवासी विशाल उर्फ अनस अंसारी और उसके दोस्त फतेहगंज के ही वार्ड नंबर आठ निवासी निजाम उर्फ सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों से गले का हार, दो मंगलसूत्र, एक मोबाइल, बाइक और 1500 रुपये की नकदी बरामद कर ली।
