गोंडा। सड़कें समय से पहले उखड़ गईं, गड्ढे नहीं भरे गए और मरम्मत के बाद भी हालात नहीं सुधरे। विभागों ने ठेकेदारों को नोटिस जारी किए, मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी और कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया लेकिन निर्माण की गुणवत्ता परखने और निगरानी करने वाले अभियंताओं की जिम्मेदारी तय नहीं की गई। ऐसे में सड़कों की बदहाली के बीच विभागीय कार्रवाई ठेकेदारों तक ही सिमटी हुई है।
गड्ढामुक्त अभियान पूरा करने की समयसीमा 30 नवंबर है लेकिन आर्यनगर-गोकरन शिवाला-भवनियापुर और रेलवे स्टेशन-सोनी गुमटी समेत कई मार्ग अब भी जर्जर हैं। पांचवें दिन की पड़ताल में सामने आया कि कहीं कई नोटिस के बाद भी गड्ढे नहीं भरे गए तो कहीं मरम्मत के कुछ समय बाद ही सड़क उखड़ गई। विभाग बजट और स्वीकृति में देरी का हवाला दे रहे हैं लेकिन गुणवत्ता में चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर चुप्पी साधे हैं।
कई नोटिस के बाद भी नहीं भरे तीन किलोमीटर सड़क के गड्ढे
गौरा चौकी-बभनानखेड़ा से केशवनगर ग्रंट तक करीब तीन किलोमीटर सड़क जर्जर है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता जेबी सिंह ने बताया कि ठेकेदार को कई नोटिस दिए गए लेकिन गड्ढे नहीं भरे गए। फर्म के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है। अनुबंध निरस्त करने और ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।
मरम्मत के बाद फिर उखड़ गई सड़क
रेलवे स्टेशन से सोनी गुमटी मार्ग की मरम्मत के बाद भी सड़क फिर उखड़ गई। मंडी परिषद के उपनिदेशक (निर्माण) तेज सिंह ने बताया कि ठेकेदार को दोबारा नोटिस जारी कर तीन दिन में सड़क ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि देवीपाटन मंडल में सड़कों की निगरानी के लिए महज दो अवर अभियंता तैनात हैं। सहायक अभियंता समेत कई पद खाली हैं।
बजट की कमी का हवाला, जवाबदेही पर चुप्पी
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि 30 नवंबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य है। नवीनीकरण और विशेष मरम्मत के लिए सभी स्वीकृतियां नहीं मिली हैं। बजट की कमी से भी काम प्रभावित हुआ है। ठेकेदारों को नोटिस देने के साथ गुणवत्ता की जांच व आईजीआरएस की शिकायतों का निस्तारण कराया जा रहा है। हालांकि, बजट और स्वीकृति में देरी से प्रभावित कार्यों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के बारे में उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
जांच और भुगतान के बाद भी क्यों टूट रहीं सड़कें?
अभियान के नोडल अधिकारी एवं प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार त्रिपाठी के अनुसार, भुगतान से पहले विभागीय जांच की जाती है। 50 करोड़ रुपये तक के कार्यों में थर्ड पार्टी जांच की व्यवस्था नहीं है। वहीं, अधीक्षण अभियंता ने निर्माण सामग्री की स्थानीय और शासन स्तर पर जांच होने की बात कही। इसके बावजूद सड़कें समय से पहले उखड़ रही हैं। ऐसे में गुणवत्ता जांचने और भुगतान की संस्तुति करने वाले अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
इन 10 सड़कों की हालत खराब
– धानेपुर-पांडेयपुर मार्ग
– दतौली से जयतापुर मार्ग
– महरानीगंज घोसियाना से गरीबीपुरवा मार्ग
– गोंडा रेलवे स्टेशन से सोनी गुमटी मार्ग
– आर्यनगर से गोकरन शिवाला-भवनियापुर मार्ग
– बाबागंज से इटियाथोक मार्ग
– दतौली से रमगढ़वा मार्ग
– सिंगहाचंदा से लालगंज मजरे मार्ग
– गोपालबाग-इटियाथोक मार्ग
– बाबागंज से कोनिया कलवारनपुरवा मार्ग
