उरई। जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12वीं तक के विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता परखने के लिए 27 नवंबर को परख परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसमें चारों कक्षाओं के कुल 3886 विद्यार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक होगी। परीक्षा की खास बात यह है कि विद्यार्थियों को ओएमआर शीट पर प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएगी। परीक्षा के बाद सभी विद्यार्थियों की ओएमआर शीट ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी, जिसके आधार पर उनका मूल्यांकन किया जाएगा।
परीक्षा की तैयारियों को लेकर बुधवार को डीआईओएस कार्यालय के सभागार में प्रधानाचार्यों की बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला समन्वयक व्यंजना सिंह ने राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा लखनऊ की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
डीआईओएस राजकुमार पंडित ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी विद्यालयों को विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार प्रश्नपत्र वितरित कर दिए गए हैं।
कक्षा नौ के 1360, कक्षा 10 के 1205, कक्षा 11 के 665 और कक्षा 12 के 656 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस तरह कुल 3886 विद्यार्थियों की शैक्षिक क्षमता का आकलन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि परख परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर और विषयों की समझ का आकलन करना है। विद्यालयों को विद्यार्थियों की भरी हुई ओएमआर शीट ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर अपलोड करनी होंगी। निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका मूल्यांकन किया जाएगा।
—
विभिन्न विषयों से पूछे जाएंगे प्रश्न
परख परीक्षा में कक्षा नौ और 10 के विद्यार्थियों से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और जीवविज्ञान विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। वहीं कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों की परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान के साथ गणित अथवा जीव विज्ञान विषय में होगी। विद्यार्थियों को ओएमआर शीट पर निर्धारित तरीके से उत्तर भरने होंगे। इसके लिए विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।
