गोरखपुर। मन की बेचैनी, तनाव और अवसाद के लक्षणों से निपटने में मंत्र जाप भी सहायक हो सकता है। भारतीय परंपरा में सदियों से प्रचलित इस अभ्यास को अब मानसिक स्वास्थ्य के नजरिये से भी परखा जा रहा है। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग की शोधार्थी वर्तिका राय और प्रोफेसर विस्मिता पालीवाल ने ऑनलाइन शोध डेटाबेस में उपलब्ध 216 अध्ययनों की पड़ताल के बाद 33 वैज्ञानिक अध्ययनों का विश्लेषण किया। इसमें मंत्र आधारित अभ्यासों से अवसाद के लक्षणों में कमी, तनाव से राहत और एकाग्रता बढ़ने के सकारात्मक संकेत मिले हैं।

अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ””””इंटरनेशनल जर्नल ऑफ इंडियन साइकोलॉजी”””” में प्रकाशित इस अध्ययन में मंत्र जाप के पांच मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर प्रभाव का विश्लेषण किया गया। शोधार्थी वर्तिका राय ने बताया कि विश्लेषण में अवसाद, सचेतनता, आध्यात्मिक कल्याण, अकेलापन और बार-बार नकारात्मक विचारों में उलझने की प्रवृत्ति शामिल है। इसमें ओम मंत्र, गायत्री मंत्र, कीर्तन क्रिया और मौन मंत्र जाप जैसी विधियों से जुड़े शोध को शामिल किया गया।

प्रोफेसर विस्मिता पालीवाल ने बताया कि मंत्र की बार-बार पुनरावृत्ति मन को एक बिंदु पर केंद्रित करने में मदद कर सकती है। इससे भटकते विचारों पर नियंत्रण, वर्तमान क्षण के प्रति जागरूकता और भावनात्मक संतुलन बेहतर होने के संकेत मिले। कुछ अध्ययनों में आध्यात्मिक संतुष्टि और आंतरिक शांति में भी सुधार दर्ज किया गया। हालांकि, अकेलेपन और बार-बार नकारात्मक विचारों में उलझने की प्रवृत्ति पर मंत्र जाप के सीधे प्रभाव को लेकर पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले हैं। (संवाद)

बॉक्स

ध्वनि पर टिकता ध्यान, थमती विचारों की उथल-पुथल

मंत्रोच्चार में किसी शब्द या ध्वनि को बार-बार दोहराया जाता है। इससे व्यक्ति का ध्यान एक निश्चित ध्वनि पर केंद्रित रहता है। ध्यान भटकने पर मन दोबारा उसी मंत्र की ओर लौटता है। इस प्रक्रिया से वर्तमान क्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विचारों की अनावश्यक उथल-पुथल कम करने में मदद मिल सकती है। यही वजह है कि मंत्र आधारित अभ्यासों को ध्यान और मानसिक शांति से जोड़कर देखा जाता है।

——————–

312 शोध रिकाॅर्ड मिले

96 दोहराव वाले रिकार्ड हटाए गए

216 अध्ययनों की जांच

146 अप्रांसगिक पाए गतए

69 शोध पत्रों की पूरी जांच

33 अध्ययनों को अंतिम समीक्षा में किया गया शामिल

—————–

अध्ययन का निष्कर्ष है कि मंत्र जाप मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सहायक अभ्यास हो सकता है लेकिन इसे अवसाद के चिकित्सकीय उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए। अकेलेपन और बार-बार नकारात्मक विचारों पर मंत्र जाप के असर को जानने के लिए अभी और शोध की जरूरत है।

-प्रो. विस्मिता पालिवाल, मनोविज्ञान विभाग, गोरखपुर विश्वविद्यालय

————–

ध्यान रहे: मानसिक रोगों को उपचार का विकल्प नहीं

मंत्र जाप मानसिक स्वास्थ्य को सकारात्मक बनाने में सहायक हो सकता है, लेकिन इसे मानसिक रोगों के उपचार का विकल्प नहीं माना जा सकता। साइकेट्री एंड स्पिरिचुअलिटी के तहत आध्यात्मिकता और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंधों का अध्ययन किया जाता है। मंत्र जाप से मानसिक शांति और सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिल सकता है। हालांकि, मानसिक रोगों के उपचार के लिए चिकित्सकीय परामर्श और निर्धारित चिकित्सा प्रक्रिया का पालन जरूरी है।

डॉ. अमित शाही, मनोचिकित्सक, जिला अस्पताल



Source link