महोबा। डेढ़ लाख की आबादी वाले महोबा शहर को दिन दिन पेयजल आपूर्ति नहीं मिलेगी। ग्रीन एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से श्रीनगर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से मिलने वाली आपूर्ति को बंद कर दिया गया है। ऐसे में अब बुधवार और बृहस्पतिवार को शहर में पेयजल आपूर्ति नहीं हो सकेगी।
महोबा पेयजल पुनर्गठन योजना के तहत यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित उर्मिल बांध से पाइप लाइन के माध्यम से पानी लाया जाता है। पानी के शोधन के लिए कस्बा श्रीनगर में वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगाया गया है। प्लांट में पानी फिल्टर होने के बाद इसे पाइप लाइन के माध्यम से महोबा शहर में स्थित टंकियों में भरा जाता है। इसके बाद शहरवासियों को पेयजल आपूर्ति दी जाती है।
कस्बा श्रीनगर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से महोबा नगर तक जाने वाली क्लियर वॉटर राइजिंगमेन (पीएसी पाइप लाइन) बंसल पाथवे कंपनी ने ग्रीन एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके चलते पाइप लाइन की मरम्मत का काम कराया जाना है। इस कार्य के लिए श्रीनगर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
ऐसे में महोबा शहर के लोगों को 25 और 26 नवंबर को श्रीनगर स्थित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से मिलने वाली पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। उधर, जल निगम नगरीय हमीरपुर के अधिशासी अभियंता एके शर्मा का कहना है कि क्षतिग्रस्त पाइप लाइन की मरम्मत कराई जा रही है। ऐसे में पेयजल आपूर्ति बाधित रहेगी। पाइप लाइन की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद आपूर्ति बहाल की जा सकेगी।
