बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव भम्हैड़ा की एक नवनिर्मित कॉलोनी में बृहस्पतिवार की शाम विद्युत पोल पर काम करते समय थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव भोवापुर निवासी सोनू (25) की गिरकर मौत हो गई। थाना सिंभावली पुलिस ने बाबूगढ़ पुलिस को सूचना दी। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया।

गढ़ सीओ राहुल यादव ने बताया कि गांव भोवापुर निवासी सोनू बिजली ठेकेदार सोमवीर निवासी गांव खैरपुर खैराबाद व रिजवान निवासी गांव भम्हैड़ा के साथ बृहस्पतिवार की शाम करीब सवा चार बजे बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भम्हैड़ा की एक नवनिर्मित कॉलोनी में बिजली का कार्य कर रहा था।

उसके साथ सतीश व मनोज निवासी गांव कंदौला और महेश निवासी मोहल्ला किशनपुरा पिलखुवा भी काम कर रहे थे। इसी दौरान सोनू पोल से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

साथ कार्य कर रहे लोग उसे एक निजी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सभी उसे उसके गांव भोवापुर ले गए। परिजनों व ग्रामीणों ने इसकी सूचना थाना सिंभावली पुलिस को दी। मामले की जांच की जा रही है।



Source link

अभी अभी की खबरें