धौलाना। थाना क्षेत्र में देहरा की झाल के पास ईदगाह के निकट सड़क पार कर रही 56 वर्षीय महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस वाहन की तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार धौलाना निवासी सुरेंद्र की पत्नी राजवीरी देर रात देहरा की झाल के पास ईदगाह के निकट सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल जीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण और परिजन थाना धौलाना पहुंचे तथा पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान करने की मांग की। परिजनों ने आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार करने की गुहार लगाई।

सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि सड़क हादसे में महिला की मौत का मामला संज्ञान में है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। तहरीर मिलने और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

अभी अभी की खबरें