हरदोई। कोहरे और धुंध के आगे रेलवे एक बार फिर बेबस नजर आ रहा है। रेल प्रशासन ने कोहरे और धुंध के मद्देनजर कई ट्रेनों के फेरे घटा दिए हैं। इसी क्रम में एक बार फिर दो जोड़ी ट्रेनों के एक दिसंबर से 28 फरवरी तक करीब 51 फेरे कम कर दिए हैं। इससे यात्रियों को सफर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों के फेरों में कटौती की है। मुरादाबाद मंडल की ओर से जारी सूची के अनुसार एक दिसंबर 2026 से फरवरी 2027 तक बाघ एक्सप्रेस और अवध-असम एक्सप्रेस के कुल 51 फेरे निरस्त किए हैं। वरिष्ठ मंडल रेल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि हावड़ा-काठगोदाम के बीच चलने वाली बाघ एक्सप्रेस (13019) दिसंबर से फरवरी तक प्रत्येक रविवार को नहीं चलेगी। दिसंबर में छह, 13, 20 और 27, जनवरी में तीन, 10, 17, 24 व 31 और फरवरी में सात, 14, 21 और 28 तारीख को इसके 13 फेरे निरस्त रहेंगे।
वापसी में ट्रेन संख्या 13020 में दिसंबर में आठ, 15, 22 और 29, जनवरी में पांच, 12, 19 व 26 और फरवरी में दो, नौ, 16 और 23 तारीख को निरस्त रहेगी। दो मार्च का फेरा भी रद रहेगा। इसी तरह डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध-असम एक्सप्रेस (15909) दिसंबर में पांच, 12, 19 और 26, जनवरी में दो, नौ, 16, 23 व 30 और फरवरी में छह, 13, 20 और 27 तारीख को नहीं चलेगी। इसके 13 फेरे निरस्त किए गए हैं। वापसी में ट्रेन 15910 के दिसंबर में दिसंबर में आठ, 15, 22 और 29 तारीख, जनवरी में पांच, 12, 19 व 26 तारीख और फरवरी में दो, नौ, 16 और 23 तारीख को नहीं चलेगी। इसके कुल 12 फेरे निरस्त रहेंगे।
आरक्षण कराने से पहले जांचें समय-सारिणी
रेलवे के इस फैसले से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी योजना बदलनी पड़ सकती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट बुक कराने और यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित तारीख पर ट्रेन के संचालन की स्थिति जांच लें।
