हाथरस जंक्शन क्षेत्र में मथुरा-बरेली मार्ग पर 7 फरवरी दोपहर भीषण हादसा हो गया। स्कॉर्पियो व वैगनआर की सीधी भिड़ंत में 12 लोग घायल हो गए। बाइक सवार दो लोग भी दोनों वाहनों की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन जिला अस्पताल लाया गया, जहां से तीन लोगों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हसायन के गांव कानऊ कमसारा के रहने वाले सुभाषंचद्र (51) बहन के ससुर का निधन होने पर 7 फरवरी की दोपहर टैक्सी स्कॉर्पियो से मुरसान जा रहे थे। परिवार के अन्य छह लोग भी साथ थे। इधर सामने से मथुरा कृष्णानगर क्षेत्र के गांव गणेशराय निवासी सोनू (28) पुत्र कुंवरपाल सिंह वैगनआर कार से अपनी शादी का कार्ड देने के लिए एटा रिश्तेदारी में जा रहे थे। उनके साथ मित्र आयुष ठाकुर (27) निवासी मायापुरम, गोवर्धन चौराहा, हाथरस भी साथ थे। रास्ते में राया से बस न मिलने के कारण कासगंज ढोलना क्षेत्र के रहने वाले हिमांशु व उनके भाई शरवन ने लिफ्ट ले ली थी। ये दोनों वृंदावन से सी-टेट का पेपर देकर लौट रहे थे।
दोपहर लगभग तीन बजे के करीब हाथरस जंक्शन के गांव नगला तजना पर स्कॉर्पियो व वैगनआर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। बताते हैं कि वैगनआर तेज रफ्तार में थी। सिकंदराराऊ से हाथरस आ रहे बाइक सवार साहब सिंह (57) निवासी वैभव नगर, नवीपुर व पूनम (34) निवासी नया नगला, हतीसा भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गए। सुभाष एलआईसी एजेंट हैं, जो इसी काम के चलते फील्ड में थे।
भीषण टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीर व गांव के लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पीआरवी, एसएचओ की गाड़ी व छोटा हाथी से घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां गंभीर रूप से घायल सोनू, बाइक सवार साहब सिंह व पूनम को सिर की चोट के कारण अलीगढ़ रेफर किया गया है।
स्कॉर्पियो व वैगनआर की भिड़ंत हुई है। क्रिटिकल कॉरीडोर टीम व पीआरवी ने तत्काल घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। तीन लोगों की हालत गंंभीर बताई जा रही है। अभी मामले में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। दुर्घटना की वजह पता की जा रही है। -जेएन अस्थाना, सीओ सिकंदराराऊ
ये भी हुए घायल
हादसे में स्कॉर्पियो सवार सुभाषचंद्र (52) के अलावा उनके बड़े भाई श्याम कुमार, मुन्ने शर्मा, उमेश (52) पत्नी श्याम कुमार, विद्या देवी (55) पत्नी राम बाबू, रूपी शर्मा (55) पत्नी राज बहादुर, बिजनेश (50) पत्नी सुभाषचंद्र के चोट आईं। ये सभी कानऊ कमसारा के रहने वाले हैं। इनके अलावा वैगनआर सवार आयुष, हिमांशु व शरवन के भी चोट आईं। इन सभी का इमरजेंसी में ही उपचार चल रहा है।
