सादाबाद कस्बे में 2 अप्रैल रात करीब 10 बजे चार बदमाशों ने बाइक सवार केला प्लांट के मालिक हरिओम को रोका और उनसे लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर ईंट और तमंचे की बट से प्रहार कर उन्हें घायल कर दिया। इस दौरान बदमाश उनसे चार लाख रुपये लूटकर भाग गए।
बदमाशों के भागने के बाद लहूलुहान हालत में कारोबारी प्लांट पर पहुंचे और घटना की जानकारी दी। सूचना पर थाना सादाबाद पुलिस पहुंच गई और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। हरिओम कस्बे के मोहल्ला इस्लामनगर के रहने वाले हैं और सादाबाद में बाहर की ओर उनका केला प्लांट है।
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार वह घटना से पहले वह 4,04,200 रुपये लेकर प्लांट से घर के लिए निकले थे। वह भगवती कोल्ड के सामने छावी मिया के बाग से होकर घर की ओर आ रहे थे, तभी सामने सड़क किनारे एक युवक ने उन्हें हाथ देकर रोका। परिचित समझकर हरिओम ने बाइक रोक ली। बाइक रुकते ही युवक के तीन और साथी निकल आए। उन्होंने हरिओम के साथ मारपीट शुरू कर दी। ईंट व तमंचे की बट से सिर व चेहरे पर कई वार किए। इससे वे लहूलुहान हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने नकदी से भरा थैला, हाथ में पहना सोने का कड़ा, अंगूठी व मोबाइल लूटकर भाग गए।
